वाराणसी/21.10.2021/एचई टाईम्स ब्यूरो
म आदमी पार्टी के राज्य सभा सदस्य तथा प्रभारी उत्तर प्रदेश संजय सिंह को वाराणसी पुलिस ने आज हिरासत में ले लिया। उनपर यह आरोप है कि वो बिना प्रशासन की अनुमति के वाराणसी में तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे।
अपनी गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए संजय सिंह ने यूपी की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि योगी राज में हत्या करना नहीं तिरंगा यात्रा करना अपराध है।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह वाराणसी में आप के द्वारा निकाली जा रही तिरंगा संकल्प यात्रा का नेतृत्व करने के लिए पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें बिना परमिशन रैली करने से मना किया और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया।
आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह को 18 दिन के भीतर दूसरी बार पुलिस ने हिरासत में लिया है। इससे पहले उनको लखीमपुर जाते समय हिरासत में लिया गया था।
ट्वीट कर साधा योगी सरकार पर निशाना
यूपी सरकार और पुलिस के रवैये से नाराज आप सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अंग्रेजों का शासन चल रहा है। यूपी पुलिस की तरफ से जारी पत्र को शेयर करके लिखा कि इसकी भाषा देखिए आदित्यनाथ जी के प्रशासन ने तिरंगा यात्रा को अवैध घोषित कर दिया है।
हिरासत के दौरान संजय सिंह पुलिसकर्मियों से बार–बार अपने हिरासत में लिये जाने के आदेश की कॉपी मांग रहे थे। आप नेता संजय सिंह कचहरी से लहुराबीर के बीच तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने बनारस पहुंचे थे। हालांकि इस यात्रा को जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी इसके बावजूद संजय सिंह अपने पार्टी के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा संकल्प यात्रा निकालने की तैयारी में जुटे थे। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने संजय सिंह को हिरासत में लिया है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है।
हिरासत में लिए जाने के बाद आप सांसद ने राज्यसभा के सभापति से अपील करके हुए ट्वीट कर कहा– माननीय सभापति महोदय, मुझे भारी पुलिस बल के साथ शिवपुर, वाराणसी में अवैध रूप से हिरासत में लिया गया है। मेरे साथ कुछ भी हो सकता है। कृपया तुरंत हस्तक्षेप करें।
आम आदमी पार्टी ने अगस्त में भारत के स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष को चिह्नित करने के लिए उत्तर प्रदेश में तिरंगा संकल्प यात्रा की घोषणा की थी। आप ने यूपी के अयोध्या से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की थी।